जिला स्तरीय राज्योत्सव 2 नवंबर को, गरिमामय आयोजन के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: कलेक्टर विजय दयाराम के. ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राज्य शासन के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य गठन के उपलक्ष्य में आगामी 2 नवंबर को आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे तथा सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्योत्सव की संपूर्ण तैयारियों के समन्वय के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर कानून व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, साज-सज्जा तथा विशिष्ट अतिथियों की बैठक व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय स्टॉल, गढ़ कलेवा, क्विज प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने प्रकाश व्यवस्था, एलईडी, जनरेटर, पेयजल, साफ-सफाई, चलित शौचालय, अग्निशमन तथा आपात चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने आमंत्रण पत्र तैयार करने एवं वितरण सहित आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं के लिए विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि अतिथियों, कलाकारों और आम नागरिकों को सुविधाजनक वातावरण मिल सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर आकांक्षा पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

