गोबर से दीये बनाने वाले उद्यमी बारेलाल के हुनर की संभागायुक्त ने की सराहना

भोपाल: 

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को विदिशा ज़िले में ग्राम बिछिया स्थित श्रीकृष्ण गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं, संचालन एवं प्रबंधन संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा की नजर गौशाला परिसर में गोबर से दीये तैयार कर रहे बारेलाल अहिरवार पर पड़ी। वे उनके पास पहुंचे और उनसे आत्मीय चर्चा करते हुए गोबर से दीये बनाने की प्रक्रिया, इस कार्य में लगने वाले समय, तैयार दीयों की विक्रय दर तथा अब तक हुई कुल आमदनी के संबंध में जानकारी ली।

अहिरवार द्वारा गोबर से दीये बनाने के हुनर और इस कार्य के माध्यम से आजीविका अर्जित करने की पहल की संभागायुक्त ने सराहना की। उन्होंने उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचारों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस गतिविधि से जोड़ने की सलाह भी दी, ताकि गोबर का उपयोगी उत्पादों के निर्माण में इस्तेमाल हो और लोगों को अतिरिक्त आय का अवसर मिल सके।

संभागायुक्त ने गौशाला की गतिविधियों को आजीविका एवं रोजगार से जोड़ने की संभावनाओं पर भी जोर दिया। निरीक्षण भ्रमण के दौरान विदिशा पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, वनमंडलाधिकारी हेमंत यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरभि तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।