मिशन लाइफ के तहत भोपाल मंडल में मनाया जा रहा BRICS सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक

भोपाल :

भारतीय रेलवे द्वारा 1 से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे BRICS Sustainable Lifestyle Week के अंतर्गत भोपाल मंडल में मिशन लाइफ के तहत विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत भोपाल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेलवे अस्पताल में योग सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा दैनिक जीवन में सकारात्मक एवं स्वस्थ आदतों को शामिल करने का संदेश दिया गया।

मिशन लाइफ का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से सप्ताह के दौरान ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, खाद्य अपव्यय की रोकथाम, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी, ई-कचरे का उचित निस्तारण तथा कचरा प्रबंधन सहित सात प्रमुख विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

भोपाल मंडल द्वारा इस पहल के माध्यम से रेलकर्मियों एवं आमजन को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने तथा दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ पर्यावरण एवं सतत विकास के प्रति सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।