पेंशनर्स की सुविधा के लिए 4 को निशातपुरा एवं 5 नवम्बर को हबीबगंज रेलवे अस्पताल में विशेष शिविरों का आयोजन

भोपाल :

 पश्चिम मध्य रेल के सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा, भोपाल द्वारा पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1 से 30 नवंबर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate-DLC) बनाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्य कारखाना प्रबंधक  प्रफुल्ल वी. कोहाड़े के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोंगरा एवं सहायक कार्मिक अधिकारी संदीप शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य पेंशनर्स को स्वास्थ्य जांच एवं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।

इसी क्रम में भोपाल मंडल के पांच चिकित्सा संस्थानों में निर्धारित तिथियों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत 04 नवंबर 2026 को मंडल रेल चिकित्सालय, निशातपुरा; 05 नवंबर 2026 को पॉलीक्लीनिक, हबीबगंज; 12 नवंबर 2026 को डीजल शेड, इटारसी; 19 नवंबर 2026 को उप मंडलीय रेलवे चिकित्सालय, बीना तथा 26 नवंबर 2026 को उप मंडलीय रेलवे चिकित्सालय, गुना में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पेंशनर्स को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं एवं डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इसके अतिरिक्त मीटिंग हॉल, सादिकपुरा, भोपाल स्थित वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ कार्यालय में भी 1 से 30 नवंबर 2026 तक कार्यदिवसों में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। यहां कर्मचारी कल्याण निरीक्षकों द्वारा विशेष रूप से 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पेंशनर्स तथा पारिवारिक पेंशनर्स को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें स्वास्थ्य जांच कराने एवं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शिविरों के दौरान पेंशनर्स को साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। उन्हें अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी संदेशों, ओटीपी साझा करने तथा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को देने से बचने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाएगी, ताकि वे डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित उपयोग कर सकें।

पश्चिम मध्य रेल की इस पहल से पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया समझने, स्वास्थ्य जांच कराने तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा। यह प्रयास वरिष्ठ पेंशनर्स सहित सभी पेंशनर्स को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।