बीना–गुलाबगंज रेलखंड में स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू

भोपाल :

रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं प्रभावी बनाने की दिशा में पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल द्वारा बीना–भोपाल रेलखंड पर स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग (Automatic Block Signalling–ABS) प्रणाली स्थापित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में बीना से गुलाबगंज स्टेशनों के मध्य यह कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अंतर्गत गंजबासौदा–पबई–गुलाबगंज रेलखंड पर 03 नवंबर 2026 को दोपहर 13:30 बजे स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली चालू कर दी गई।

बीना से भोपाल के बीच कुल 138 किलोमीटर लंबे रेलखंड में से बीना–गुलाबगंज के बीच 64 किलोमीटर रेलखंड पर यह कार्य पूरा हो चुका है। शेष गुलाबगंज–भोपाल के 74 किलोमीटर रेलखंड में कार्य प्रगति पर है, जिसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

गंजबासौदा–पबई–गुलाबगंज रेलखंड पर कुल 18.24 रूट किलोमीटर (दोहरी लाइन में 36.48 किलोमीटर) पर आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था स्थापित की गई है। इसमें 44 ऑटो सिग्नल एवं 204 डिटेक्शन पॉइंट (DPs) स्थापित किए गए हैं।

इस कार्य की प्रमुख विशेषताओं में डायरेक्ट ड्राइव LOM110, ब्लॉक सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग के लिए रिले कैबिनेट, सिमेंस MK-II इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) की निगरानी तथा स्टेशन मास्टर कक्ष में VDU के माध्यम से ऑटो सिग्नलिंग की जानकारी प्रदर्शित करने की व्यवस्था शामिल है। इसके अतिरिक्त 24 फाइबर ऑप्टिक (OFC) रिंग पथ, ACM-200 ड्यूल एक्सल काउंटर (MSDAC) तथा पूरे रेलखंड में 4×48 फाइबर OFC केबल बिछाई गई है।

स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली से ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने, रेल परिचालन की निगरानी को बेहतर बनाने तथा उपलब्ध रेल लाइन क्षमता का अधिक कुशल उपयोग करने में सहायता मिलेगी। इससे भोपाल–बीना रेलखंड पर आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक के विस्तार के साथ रेल परिचालन की संरक्षा एवं दक्षता को और मजबूती मिलेगी।

यह कार्य मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर, कोटा  सचिन शुक्ला की देखरेख में पूरा किया गया। कार्य के दौरान उप संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर, भोपाल  विवेक अग्रवाल, उप संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर-II, भोपाल उत्कर्ष अग्रवाल तथा कार्य निष्पादन के लिए नियुक्त कंपनी के हेड  प्रीतू पाठक उपस्थित रहे।