मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले-बिना संस्कार के बच्चे सोनम बन जाते हैं, इंदौर को उसने कलंकित कर दिया

इंदौर। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बच्चों को पढ़ाना-लिखाना अच्छी बात है, पर संस्कार देना जरूरी है। बिना संस्कार के बच्चे सोनम बन जाते हैं। सोनम के घटनाक्रम ने हमारे इंदौर को कलंकित कर दिया। अब मैं कहीं भी जाता हूं, भले ही भोपाल जाना हो तो लोग पूछने लग गए हैं, इस घटना के बारे में।विजयवर्गीय ने कहा- मैं इस पर बात करने से बचता हूं। कहता हूं मुझे बात नहीं करना। बात करने में शर्म आती है। यदि बच्चों में संस्कार हों तो ऐसा नहीं करेंगे।

जिस महिला में शर्म, ममता न हो वो पूतना रहती है
बुधवार को मंत्री विजयवर्गीय अपनी विधानसभा क्षेत्र इंदौर-1 में 8 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कनकेश्वरी देवी का किस्सा भी सुनाया। कहा- कनकेश्वरी देवी ने एक प्रवचन में कहा था यदि किसी महिला में शर्म, ममता न हो और प्यार नहीं हो तो ऐसी महिला, महिला नहीं रहती वो पूतना रहती है।
इसलिए ऐसे बच्चे जिनमें ममता-करुणा-प्यार नहीं हो वो दैत्य बन जाते हैं। इसलिए संस्कार देना जरूरी है, नशे से बचाना जरूरी है। उनके साथ जो लड़के पकड़ाए हैं, वो रोज नशा करते हैं, उसी नशे में कर दिया है। अब सब पछता रहे हैं।

महिलाओं आपको कोई नशा करते दिखे तो बताना
मंत्री बोले- मुझे इंदिरा नगर में नशे की बहुत शिकायतें आई थी। माताओं-बहनों आपके इलाके और विधानसभा-1 में कोई नशा बेचता दिखे तो बताना। शिकायत करना। हम सख्त कार्रवाई करेंगे। हम नशे के बहुत खिलाफ हैं।

पिछले साल कहा था- ड्रग तस्करों के तार राजस्थान से जुड़े
मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पिछले साल 15 अक्टूबर 2024 को कहा था- इंदौर में नशे के कारोबार के तार राजस्थान के प्रतापगढ़ से जुड़े हैं। इस कारोबार के पीछे कौन लोग हैं। उनके नाम भी मुझे पता है। एमपी पुलिस ने चोर को तो पकड़ लिया है, लेकिन चोर की मां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। एमपी को बचाना है तो चोर की मां तक पहुंचना जरूरी है।
कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव शामिल हुए थे। विजयवर्गीय ने कहा, मेरे पास ड्रग्स बेचने वालों के नाम आ गए हैं। भोपाल से अधिकारियों को राजस्थान पुलिस से संपर्क करना पड़ेगा। ड्रग्स के खिलाड़ियों को जेल में डालना होगा।