सिकल सेल रोग उन्मूलन के राष्ट्रीय संकल्प को मध्यप्रदेश कर रहा साकार : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
भोपाल : विश्व सिकल सेल दिवस 19 जून को 33 जिलों में लगेंगे विशेष शिविर
राज्य स्तरीय समारोह बड़वानी में
एक करोड़ 6 लाख नागरिकों की स्क्रीनिंग
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि राज्य सरकार ने सिकल सेल उन्मूलन को स्वास्थ्य न्याय का विषय मानते हुए इसे मिशन मोड में अपनाया है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि मध्यप्रदेश आज सिकल सेल स्क्रीनिंग में देश में प्रथम स्थान पर है। अब तक 1 करोड़ 6 लाख से अधिक नागरिकों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। 2 लाख से अधिक सिकल सेल वाहक एवं 29,277 रोगी चिन्हित हुए हैं। 80 लाख 9 हज़ार से अधिक सिकल सेल कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। 26,115 मरीजों को हाइड्रॉक्सी यूरिया दवा से उपचार उपलब्ध कराया गया है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सभी चिन्हित रोगियों को निःशुल्क दवा, टीकाकरण, रक्ताधान और जेनेटिक परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। एम्स भोपाल में नवजातों की 72 घंटे में जांच हेतु विशेष प्रयोगशाला कार्यरत है। इंदौर मेडिकल कॉलेज में 100 से अधिक बोनमेरो ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए गए हैं। रीवा में “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर प्रीनेटल डायग्नोसिस ऑफ हीमोग्लोबिनोपैथीज़” प्रभावी रूप से कार्यशील है। जनजातीय स्कूलों, छात्रावासों और महाविद्यालयों में नियमित रूप से स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है ताकि रोग की पहचान प्रारंभिक स्तर पर हो सके और प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
कुंडली मिले या न मिले, शादी से पहले सिकल सेल कार्ड जरूर मिलाएं
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने नागरिकों से आग्रह किया है कि “कुंडली मिले या न मिले, शादी से पहले सिकल सेल कार्ड जरूर मिलाएं उन्होंने कहा कि यदि दोनों युवा सिकल सेल वाहक होते हैं तो उनके बच्चों में गंभीर सिकल सेल रोग होने की आशंका बहुत अधिक होती है इसलिये विवाह से पहले सिकल सेल जांच कराना केवल व्यक्तिगत ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य की रक्षा का एक सामाजिक उत्तरदायित्व भी है।
