इंदौर में अब शुरू होगा मुख्य रेलवे स्टेशन का काम

इंदौर में मुख्य रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट का काम जल्दी ही शुरू होने वाला हैै। सिंहस्थ तक नया स्टेशन शुरू संचालन के लिए तैयार होगा। निर्माण अवधि में मुख्य रेलवे स्टेशन से चलने वाली कुछ रेल गाडि़यां लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से संचालित होगी,जबकि मुख्य रेलवे स्टेशन से भी ट्रेनों का संचालन हो सकेगा। निर्माण का ठेका अहमदाबाद की कंपनी को दिया गया है। इस प्रोजेक्ट पर साढ़े चार सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। रेल बजट में भी इसके लिए राशि आवंटित हुई हैै। यहां रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधा से लैस होगा और बिल्डिंग भी चार मंजिला होगी। यात्री सुविधा पर भी रेल विभाग का फोकस रहेगा। निर्माण के दौरान रेलवे स्टेशन पर क्या परिवर्तन होंगे और कौन से हिस्से को बंद किया जाना है। इसे लेकर सांसद शंकर लालवानी शुक्रवार शाम को संबंधित विभागों की बैठक लेंगे। सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि नया रेलवे स्टेशन पचास साल की जरुरतों को ध्यान मेें रखकर बनाया जाएगा। इसके लिए आसपास की जमीन भी ली जाएगी। निर्माण अवधि के दौरान प्लेटफार्म का उपयोग भी होता रहे, इसे लेकर वर्कप्लान निर्माण एजेंसी ने दिया है। लक्ष्मीबाई नगर रोड स्टेशन से भी कुछ ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। नए रेलवे स्टेशन का विस्तार पार्क रोड तक होगा।