बकाया बिजली बिल भुगतान नहीं करने पर दतिया जिले के 10 उपभोक्ताओं पर हुई शस्त्र लायसेंस निलंबन की कार्रवाई
भोपाल : मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले 16 जिलों में बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट द्वारा शस्त्र लायसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट दतिया द्वारा शस्त्र लाइसेंस निलंबन का नोटिस देने के बाद भी बिजली का बकाया बिल जमा नहीं करने वाले 10 उपभोक्ताओं के शस्त्र लायसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर शस्त्र संबंधित थाने में जमा करने के आदेश दिए गए हैं।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट दतिया स्वप्निल वानखड़े द्वारा जिन उपभोक्ताओं के शस्त्र लायसेंस निलंबित किए गए हैं उनमें ग्राम सिजौरा निवासी कमल सिंह पिता रामस्वरूप पर 2,65,900 रुपए, प्रभुदयाल पिता बैजनाथ बाढ़ई पर 2,88,754 रुपए, कुलदीप शुक्ला पिता लखनलाल शुक्ला पर 1,93,052 रुपए, हुकुम सिंह पिता मन्नू कुम्हार पर 2,15,607 रुपए, ग्राम रावरी निवासी निवास पिता रघुवीर पर 2,15,583 रुपए, संतोष कुमार निरंजन पिता मुरलीधर निरंजन पर 1,06,183 रुपए, ग्राम डंगरा निवासी प्रताप सिंह पिता भैयालाल पर 3,40,250 रुपए, ग्राम एरई निवासी महेंद्र सिंह पिता बाबूलाल पर 4,41,303 रुपए, ग्राम खिरिया बडोनी निवासी प्रीतम सिंह पिता मोतीलाल पर 1,97,827 रुपए, ग्राम भिटी निवासी उत्तम सिंह पिता गंगा प्रसाद पर 1, 19, 793 रुपए बकाया हैं।
गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के जिलों में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा आर्म्स डीलर लाईसेंस एवं शस्त्र लाईसेंस की स्वीकृति एवं नवीनीकरण के लिए बिजली कंपनी से नोड्यूज प्राप्त किया जाना अनिवार्य किया है। कंपनी द्वारा गृह विभाग, म.प्र.शासन के आदेश के अनुसार कंपनी कार्यक्षेत्र के ऐसे शस्त्रधारी बिजली उपभोक्ता जिनके द्वारा बकाया विद्युत बिलों का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, साथ ही ऐसे शस्त्रधारी बिजली उपभोक्ता जो अनधिकृत बिजली का उपयोग अथवा बिजली चोरी करते पाए जाएंगे उनके आर्म्स डीलर लाईसेंस और शस्त्र लाईसेंस को जिला मजिस्ट्रेट के माध्यम से निलंबित कराने की कार्यवाही की जा रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि जो भी शस्त्र लाईसेंसधारी उपभोक्ता अपनी बकाया बिल राशि जमा नहीं करते हैं तो उनके शस्त्र लाईसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित करवाने की कार्यवाही की जाएगी।

