बकाया बिजली बिल भुगतान नहीं करने पर दतिया जिले के 14 उपभोक्‍ताओं पर हुई शस्त्र लायसेंस निलंबन की कार्रवाई

भोपाल : मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्‍वालियर एवं चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले 16 जिलों में बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्‍ताओं के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट द्वारा शस्‍त्र लायसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्‍टर एवं जिला मजिस्ट्रेट दतिया द्वारा शस्त्र लाइसेंस निलंबन का नोटिस देने के बाद भी बिजली का बकाया बिल जमा नहीं करने वाले 14 उपभोक्‍ताओं के शस्‍त्र लायसेंस तत्‍काल प्रभाव से निलंबित कर शस्‍त्र संबंधित थाने में जमा करने के आदेश दिए गए हैं।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट दतिया स्वप्निल वानखड़े द्वारा जिन 14 बिजली बिल बकायादारों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित किए हैं उनमें ग्राम डोंगरपुर निवासी अरविन्द यादव पिता जयेन्द्र सिंह यादव पर 2 लाख 19 हजार 7 रूपये, बानौली निवासी लक्ष्मीनाराण दांगी पिता मुकुन्दी लाल पर 2 लाख 90 हजार 696 रूपये, ग्राम सीतापुर निवासी पूरन सिंह परमार पिता सुमन्त पर 2 लाख 36 हजार 123 रूपये, आशाराम राय पिता रामप्रसाद महाजन पर 2 लाख 28 हजार 408 रूपये, ग्राम गढ़ी निवासी नंदकिशोर पिता हल्कू पर 4 लाख 66 हजार 472 रूपये, दतिया शहर निवासी अभिषेक बबेले पिता प्रदीप बबेले पर 1 लाख 24 हजार 394, अरविन्द दांगी पिता घनश्याम दांगी पर 2 लाख 2 हजार 983 रूपये, राहुल पुरोहित पिता महेश पुरोहित पर 2 लाख 65 हजार 435,  गौरव दांगी पिता कृष्णकांत दांगी पर 7 लाख 97 हजार 164 रूपये, रोहित शर्मा पिता स्वर्गीय महेश चंद्र शर्मा पर 1 लाख 82 हजार 585 रूपये, संतोष सिंह यादव पिता बाबू लाल यादव पर 6 लाख 62 हजार 50 रूपये, ग्राम गुदरया बसई निवासी रामदयाल पिता दरयाब लोधी पर 1 लाख 61 हजार 15 रूपये, परवत सिंह पिता भेरों पर 2 लाख 17 हजार 632 रूपये, ग्राम एरई निवासी बृजकिशोर पिता नारायणदास कुर्मी पर 1 लाख 64 हजार 355 रुपए विद्युत राशि बकाया है।

गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के जिलों में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा आर्म्‍स डीलर लाईसेंस एवं शस्‍त्र लाईसेंस की स्‍वीकृति एवं नवीनीकरण के लिए बिजली कंपनी से नोड्यूज प्राप्‍त किया जाना अनिवार्य किया है। कंपनी द्वारा गृह विभाग, म.प्र.शासन के आदेश के अनुसार कंपनी कार्यक्षेत्र के ऐसे शस्‍त्रधारी बिजली उपभोक्‍ता जिनके द्वारा बकाया विद्युत बिलों का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, सा‍थ ही ऐसे शस्‍त्रधारी बिजली उपभोक्‍ता जो अनधिकृत बिजली का उपयोग अथवा बिजली चोरी करते पाए जाएंगे उनके आर्म्‍स डीलर लाईसेंस और शस्‍त्र लाईसेंस को जिला मजिस्ट्रेट के माध्‍यम से निलंबित कराने की कार्यवाही की जा रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि जो भी शस्‍त्र लाईसेंसधारी उपभोक्‍ता अपनी बकाया बिल राशि जमा नहीं करते हैं तो उनके शस्‍त्र लाईसेंस तत्‍काल प्रभाव से निलंबित करवाने की कार्यवाही की जाएगी।