ओ.बी.सी. आरक्षण एवं छात्र संघ चुनाव के मुद्दे पर DPSS ने किया प्रदर्शन

भोपाल : ओ.बी.सी. को 27% की भीख नहीं 52% का हक चाहिए-दामोदर यादव

दलित पिछड़ा समाज संगठन DPSS ने पूर्व से घोषित आंदोलन को अंजाम देते हुए आज भोपाल की सड़कों पर प्रदर्शन किया और विधानसभा घेराव के लिए जाते वक्त शिवाजी चौराहे पर पुलिस ने संगठन के हज़ारों कार्यकर्ताओं को रोक दिया। प्रदर्शन से पहले संगठन ने सिंधु भवन में जनसम्वाद कार्यक्रम आयोजित किया जिसे संबोधित करते हुए DPSS के मुखिया दामोदर सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की मोहन सरकार हो या मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस हो, दोनों ही पिछड़ों को 27% आरक्षण देने की बात कर रहे हैं, लेकिन हमें 27% की भीख नहीं बल्कि संख्या के हिसाब से 52% आरक्षण चाहिए जो हमारा संवैधानिक हक है।

यादव ने कहा कि ग्वालियर हाई कोर्ट परिसर में बाबा साहब अम्बेडकर की मूर्ति का मामला हो या भिण्ड जिले के किसानों से भू-माफियाओं द्वारा छीनी गई ज़मीन का। भोपाल में जाति प्रमाण पत्र न बनवाने का मामला हो या फिर प्राइवेट सेक्टर में आरक्षण लागू कराने का हर मुद्दे पर हम सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे और सभी को जायज हक दिलाकर रहेंगें।

जनसम्वाद कार्यक्रम को विधायक पूर्व विधायक एवं अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। DPSS के प्रदेश अध्यक्ष बलबहादुर बघेल ने कहा कि भा.ज.पा. सरकार के मुखिया खुद ओ.बी.सी. वर्ग से आते हैं और पूर्व में भी ओ.बी.सी. के ही तीन मुख्यमंत्री बने फिर भी ओ.बी.सी. को हक नहीं मिला, इसलिए हम आज सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हुए।

इस अवसर पर पूर्व विधायक आर.डी. प्रजापति, राजेश अहिरवार, रामप्रीत गुर्जर संजय अहिरवार, कमल कुशवाह, अमोल रावत, अमित बंसोड़, नासिर खान, अमित लोधी, सुनीता धावरे सहित अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित किया।