सेजेस सेमरा स्कूल में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,
नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, सेमरा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और विद्यार्थियों को शपथ दिलाया गया। जिसमें सभी विद्यार्थियों ने जीवन में कभी भी नशा न करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर देवेन्द्र सिरमोर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए घातक है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
डिप्टी कलेक्टर ने कहा, “नशा समाज के विनाश का मूल कारक है” उन्होंने छात्रों से इस विषय पर निबंध और भाषण तैयार करने के लिए भी प्रेरित किया, जिससे उनकी सोचने-समझने की क्षमता और अधिक विकसित हो सके। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के प्रभारी सहायक संचालक सुरेश कुमार भारती, स्कूल के प्राचार्य नरेंद्र तिवारी, शिक्षकगण एवं अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना था, बल्कि बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी जागृत करना रहा।

