राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 23 सितम्बर को खिलाई जाएगी कृमिनाशक एलबेंडाजोल गोली
भोपाल: 16 सितंबर 2025
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के संबंध में बैठक का आयोजन कलेक्टर कार्यालय भोपाल में किया गया। बैठक में 23 सितंबर को आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित जन अभियान परिषद, सीबीएसई स्कूल संगठन, स्कूल अभिभावक संगठन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
23 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 01 से 19 साल के बच्चों को स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में एल्बेंडाजोल गोली खिलाई जाएगी। इसके साथ ही 20 से 49 साल की ऐसी महिलाएं जो गर्भवती एवं धात्री नहीं हैं, उन्हें भी इस दवा का सेवन करवाया जाएगा। भोपाल में लगभग साढ़े नौ लाख बच्चों को गोली का सेवन करवाया जाएगा। इस गोली से पेट में होने वाले कीड़ों के संक्रमण से बच्चों का बचाव होता है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रितेश रावत ने बताया कि कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को एलबेंडाजोल दवा उपलब्ध करवाई जाएगी। गोली सेवन के तरीकों एवं इससे होने वाले फायदों की जानकारी के लिए स्कूलों में नोडल टीचर को प्रशिक्षित किया जा रहा है। स्कूलों में ये दवा नोडल टीचर की उपस्थिति में खिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि न्यूट्रीशनल एनीमिया का एक बड़ा कारण पेट में कीड़े होना भी है। पेट में होने वाले कीड़ों के संक्रमण से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास बाधित होता है एवं स्कूल में बच्चों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक उपलब्धि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। कृमिनाशक दवा का सेवन करवाकर कृमि से होने वाली बीमारियों से बचाया जा सकता है। एनीमिया से बच्चों के बौद्धिक एवं शैक्षणिक विकास के साथ ही शारीरिक वृद्धि पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। यह गोली पूरी तरह से सुरक्षित होती है।
