जिले में धान पंजीयन 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक

भोपाल: 16 सितंबर 2025

जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान पंजीयन का कार्य 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक किया जायेगा। जिले में 15 पंजीयन केन्द्र बनाये गये हैं।

जिला आपूर्ति नियंत्रक चन्द्रभान सिंह ने बताया कि जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिये पंजीयन के लिए किसानों द्वारा स्वयं के मोबाईल अथवा कम्प्यूटर, ग्राम पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र, सहकारी समिति पर निःशुल्क पंजीयन तथा एमपीऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्रों पर निजी व्यक्त्तियों द्वारा संचालित सायबर कैफे पर 50 रूपये का शुल्क जमा कराकर 10 अक्टूबर 2025 तक धान का पंजीयन करवा सकते हैं।

सिंह ने बताया कि सिकमी, बटाईदार एवं वनपट्टाधारी किसानों के पंजीयन सहकारी समिति सहकारी विपणन सहकारी संस्था के केन्द्रों पर किये जायेंगे। किसान का पंजीयन केवल उसी स्थिति में हो सकेगा जबकि भू-अभिलेख में दर्ज खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से होगा। पंजीयन के लिये आधार नम्बर का वेरिफिकेशन उससे लिंक, मोबाईल नम्बर पर प्राप्त ओटीपी से या बायोमेट्रिक डिवाईस से किया जायेगा। किसान के परिवार में जिन सदस्यों के नाम भूमि होगी वे सभी अपना पृथक-पृथक पंजीयन करायेंगे। किसान की भूमि यदि अन्य जिले में है तो उस जिले में पंजीयन कराया जायेगा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर भूमि होने पर एक ही केन्द्र पर सभी भूमियों का पंजीयन होगा।

उन्होंने किसानों से अपील है कि 10 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पंजीयन करायें। निर्धारित समयावधि के पश्चात पंजीयन किया जाना संभव नहीं होगा। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालयों कार्यालय में स्थापित सुविधा केन्द्र पंजयीन की निःशुल्क व्यवस्था एवं एम.पी.किसान एप पर एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर, लोक सेवा केन्द्र, निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था 50 रुपये प्रति पंजीयन रहेगी।