राष्ट्रीय एकता दिवस पर डीआरएम ने शपथ दिलाई एवं रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाई
भोपाल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल में “राष्ट्रीय एकता दिवस” बड़े उत्साह एवं एकता के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डीआरएम कार्यालय के प्रांगण में राष्ट्रीय एकता की शपथ के साथ हुई, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा “रन फॉर यूनिटी” दौड़ को मंडल कार्यालय के प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिसमें आरपीएफ, स्काउट-गाइड, खेलकूद संगठन तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

