मंत्री इन्दर सिंह परमार ने, मप्र टॉपर कु. प्रतिभा सिंह सोलंकी को दी बधाई
भोपाल :
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री और पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार ने, वीडियो कॉल के माध्यम से मप्र बोर्ड (माध्यमिक शिक्षा मंडल) द्वारा आयोजित कक्षा दसवीं की परीक्षा में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली, गुन्नौर निवासी बिटिया कु. प्रतिभा सिंह सोलंकी को हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंत्री परमार ने बिटिया प्रतिभा के माता-पिता को भी बधाई दी।
मंत्री परमार ने परिजन से कहा कि आपकी बिटिया ने पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने बेटी प्रतिभा से संवाद भी किया। उन्होंने बिटिया से पूछा कि आगे किस विषय में अध्ययन करोगे और क्या बनना चाहते हो? इसके प्रत्युत्तर में बिटिया प्रतिभा ने कहा कि वह गणित विषय के साथ हायर सेकेंडरी की पढ़ाई करना चाहती है और भविष्य में यूपीएससी की तैयारी करना चाहती है। मंत्री परमार ने बिटिया की प्रशंसा की और स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि 15 अप्रैल को मप्र बोर्ड (माध्यमिक शिक्षा मंडल) द्वारा आयोजित दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित हुए हैं। कु. प्रतिभा सिंह सोलंकी ने पूर्णांक 500 में से 499 अंक प्राप्त कर, कक्षा दसवीं में पूरे प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

