“निशाने पर जीत, सपनों को उड़ान: NCC कैंप में बेटियों का कमाल, 21 कैडेट्स ने रचा इतिहास”
कटनी:
अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति के संगम से सजे एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC) में इस बार कटनी की बेटियों ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने पूरे जिले का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया। 32 एमपी बटालियन द्वारा आयोजित इस 10 दिवसीय शिविर में गर्ल कैडेट्स ने अपनी सटीक निशानेबाजी से न सिर्फ अपनी क्षमता साबित की, बल्कि लड़कों को भी पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।
सिलिकोबाइट कटनी डिग्री कॉलेज (रेडफोर्ट कैंपस) में चल रहे इस शिविर के दौरान फायरिंग रेंज चयन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कैडेट्स ने 0.22 राइफल से 50 मीटर दूर लक्ष्य पर बेहद सटीक निशाना साधा। कड़े मुकाबले और कठिन चयन प्रक्रिया के बाद कुल 21 कैडेट्स को अगले चरण के लिए चुना गया है। अब ये प्रतिभाशाली बेटियां सागर में होने वाले अगले राउंड में भाग लेंगी, जहाँ से उनका सफर नई दिल्ली के राजपथ तक पहुंच सकता है और गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का सपना साकार हो सकता है।
चयनित कैडेट्स में कन्या महाविद्यालय कटनी का दबदबा साफ नजर आया, जहाँ से सर्वाधिक 15 कैडेट्स ने अपनी जगह बनाई। इसके अलावा शासकीय तिलक कॉलेज, जेएनवी बड़वारा, जेएनवी मऊ, केंद्रीय विद्यालय एनकेजे, JPV DAV कटनी समेत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की बेटियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सैनिक ग्राउंड में आयोजित इस चयन प्रक्रिया के दौरान गोलियों की गूंज के बीच कैडेट्स का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बनता था। अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन में उन्हें फायरिंग की बारीकियां सिखाई गईं, जिससे उनका प्रदर्शन और भी निखरकर सामने आया।
यह उपलब्धि न केवल इन बेटियों के सपनों को नई दिशा दे रही है, बल्कि जिले के लिए भी गर्व का विषय बन गई है। यह साबित करता है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता।
“स्वस्थ शरीर, सशक्त मन और अनुशासित जीवन ही सफलता की असली कुंजी है।”

