इंसानियत तार-तार: ICU में जिंदगी से जूझता पति, बाहर पत्नी से धुलवाई गई एम्बुलेंस!
कटनी:
जिला अस्पताल से सामने आई एक घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर मरीज जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था, वहीं दूसरी ओर उसकी पत्नी को अपमानजनक स्थिति में डाल दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बरही क्षेत्र के रातकरेला निवासी राहुल बर्मन (32) शुक्रवार रात एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें 108 एम्बुलेंस के जरिए तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। रास्ते में हालत बिगड़ने पर युवक को उल्टियां हुईं, जिससे एम्बुलेंस गंदी हो गई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घायल का इलाज शुरू किया, लेकिन बाहर खड़ी उसकी पत्नी शालू बर्मन को एम्बुलेंस कर्मचारियों द्वारा वाहन साफ करने के लिए मजबूर किया गया। पति की गंभीर हालत और मानसिक तनाव के बीच महिला बेबसी में एम्बुलेंस धोती रही।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला खुद कहती नजर आ रही है कि कर्मचारियों के कहने पर वह यह काम कर रही है। वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि यदि किसी भी कर्मचारी की लापरवाही या अमानवीय व्यवहार सामने आता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हमारी स्वास्थ्य सेवाओं में मानवीय संवेदनाएं सिर्फ दावों तक ही सीमित रह गई हैं।

