कलेक्टर का सख्त संदेश: उपार्जन केन्द्रों पर रोज पहुंचे अधिकारी, मिलावटखोरों पर चलेगा अभियान

कटनी:

जिले में समर्थन मूल्य पर चल रहे गेहूं उपार्जन कार्य को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण करें और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि केन्द्रों पर छन्ना, पंखा, पेयजल, बारदाना जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही किसानों की भीड़ नियंत्रण और गेहूं परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज
समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी, डीपीसी प्रेमनारायण तिवारी और जल निगम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा खराब रैंकिंग को लेकर जिला खनिज अधिकारी और सीएमएचओ से स्पष्टीकरण मांगा गया। डिजिटाइजेशन कार्य में उदासीनता दिखाने वाले पटवारियों और लोक सेवा गारंटी के लंबित मामलों पर पंचायत सचिवों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनगणना की तैयारी में तेजी
कलेक्टर ने जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 30 अप्रैल तक सभी प्रगणकों को किट वितरित कर दी जाए। 1 मई से शुरू होने वाले मकान सूचीकरण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जलगंगा अभियान में 19वीं रैंक
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने जलगंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए विभागों को समयसीमा में लक्ष्य पूरा कर पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। फिलहाल कटनी जिला प्रदेश में 19वें स्थान पर है।
मिलावटखोरों पर कड़ा प्रहार
खाद्य सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने जिले की बड़ी खाद्य उत्पादन इकाइयों में औचक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। मिलावटी और अशुद्ध खाद्य पदार्थ बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोलर पंप योजना में प्रगति
मुख्यमंत्री सोलर पंप योजना के तहत 559 के लक्ष्य में से 509 किसानों ने राशि जमा कर दी है, जबकि 36 किसानों के यहां सोलर पंप स्थापित किए जा चुके हैं। शेष किसानों के ऋण स्वीकृत कराने के लिए बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
चना-मसूर खरीदी जारी
जिले में चना और मसूर की समर्थन मूल्य पर खरीदी जारी है। अब तक 128 किसानों से 170 मीट्रिक टन चना और 91 किसानों से 184 मीट्रिक टन मसूर की खरीदी हो चुकी है। चना का समर्थन मूल्य 5875 रुपये और मसूर का 7000 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। खरीदी कार्य 28 मई तक चलेगा।
अन्य प्रमुख गतिविधियां
विकासखंड बड़वारा में आदि गुरु शंकराचार्य जयंती पर व्याख्यानमाला आयोजित की गई, जिसमें उनके जीवन दर्शन और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला गया।
स्लीमनाबाद के स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में जैविक खेती विषय की प्रायोगिक परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा, स्वैच्छिक संगठनों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक 28 अप्रैल को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।