जनसुनवाई में संवेदनशीलता की मिसाल: एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
कटनी:
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में आज 28 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, सीएसपी नेहा पच्चीसिया, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी शिवा पाठक, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर संबंधित थाना प्रभारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद, आपसी झगड़े, लेन-देन संबंधी मामले, भूमि/प्लॉट विवाद, महिला अपराध एवं पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। वहीं साइबर अपराध से जुड़े मामलों में फरियादियों को जागरूक करते हुए शासन की गाइडलाइन का पालन करने की समझाइश दी गई और आवश्यक कार्रवाई हेतु साइबर सेल को निर्देशित किया गया।
कुछ प्रकरण अन्य विभागों से संबंधित पाए जाने पर आवेदकों को संबंधित विभाग में संपर्क करने की सलाह भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि कटनी पुलिस उनकी सुरक्षा और समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा हर शिकायत पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अंत में उपस्थित नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वकर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। जनसुनवाई के माध्यम से आमजन को त्वरित राहत दिलाने की यह पहल निश्चित ही सराहनीय है और जिले में विश्वास एवं कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हो रही है।

