कटनी में दिनदहाड़े बर्बरता: गर्ग चौराहे पर युवक पर लोहे की रॉड से हमला, VIDEO वायरल

कटनी:

शहर के व्यस्त कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गर्ग चौराहे से हीरागंज मार्ग ओवरब्रिज के पास दिनदहाड़े बदमाशों ने एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे अचानक कुछ हमलावरों ने युवक को घेर लिया और बीच सड़क पर ही जमीन पर पटककर उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगे। घटना के समय सड़क पर लोगों की भीड़ मौजूद थी, लेकिन हमलावरों के खौफ के चलते कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावरों की बेरहमी साफ नजर आ रही है। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के सबसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात होना यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का डर कम होता जा रहा है।
घटना के बाद नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में कानून का भरोसा कायम रह सके।