72 घंटे में अंधी हत्या का खुलासा: विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी, थाना प्रभारी रीतेश शर्मा की तत्परता को सलाम
कटनी:
विजयराघवगढ़ पुलिस ने अपनी सजगता, सूझबूझ और तेज कार्रवाई का परिचय देते हुए महज 72 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज अंधी हत्या का खुलासा कर दिया। जिस मामले को शुरुआती तौर पर आत्महत्या समझा जा रहा था, वह पुलिस की गहन जांच में सुनियोजित हत्या निकला। इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक रीतेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को ग्राम भैंसवाही निवासी हरीश साहू ने सूचना दी थी कि उनके पिता संतराम साहू ने खेत में आम के पेड़ पर बिजली के तार से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले में उस समय बड़ा खुलासा हुआ जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। नाक पर गहरी चोट और गले में तार कसने से श्वासनली टूटने की पुष्टि ने साफ कर दिया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य प्रमाणों और मुखबिर तंत्र की मदद से ग्राम भैंसवाही निवासी पिंकी कोल, रवि कोल, इत्तू भतरा और मोनू भतरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और पिंकी कोल के बीच अवैध संबंध थे। इसी कारण रचे गए षड्यंत्र के तहत पहले मृतक पर हमला किया गया और बाद में बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया गया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक रीतेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने बेहद पेशेवर ढंग से कार्य करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डहेरिया एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के निर्देशन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। इस सफलता में पुलिस टीम के सभी सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।
विजयराघवगढ़ पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। थाना प्रभारी एवं उनकी टीम की मुस्तैदी और मेहनत के लिए उन्हें बधाई दी जा रही है।

