“बूथ जीतो, चुनाव जीतो” का मंत्र: भाजपा जिला बैठक में संगठन को जमीनी ताकत बनाने पर फोकस
कटनी:
भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार 3 मई को आयोजित मासिक जिला बैठक संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रही, जिसमें पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का स्पष्ट संदेश दिया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन और जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को आगामी रणनीतियों के साथ संगठन विस्तार का मंत्र दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं नमन के साथ हुई। इसके बाद जिला पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने अपने संबोधन में संगठन की ताकत को भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि पार्टी की असली मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से ही आती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ाएं और नियमित बैठकों, जनसंपर्क अभियानों तथा सेवा कार्यों के जरिए जनता के बीच विश्वास को मजबूत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता न मानते हुए मिशन मोड में लागू किया जाए, ताकि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा जमीन पर दिखाई दे।
जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने बैठक को नई ऊर्जा देने वाला मंच बताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती निरंतर संवाद, समन्वय और सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास बढ़ाने, मंडल स्तर पर संपर्क मजबूत करने और हर बूथ तक पहुंच बनाकर आमजन की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की समयबद्ध योजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विभिन्न मंडलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति और योजनाओं की जानकारी साझा की, जिस पर नेतृत्व ने आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बने मृदुल मिश्रा, मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नियुक्त श्याम निषाद, अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष उमेन्द्र अहिरवार और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह का अभिनंदन कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मृदुल मिश्रा, मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्याम निषाद, जिला महामंत्री मनीष देव मिश्रा और सुखदेव चौधरी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष देव मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सुखदेव चौधरी ने व्यक्त किया।
इस बैठक ने स्पष्ट कर दिया कि भाजपा अब आने वाले समय में बूथ स्तर तक अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में है।

