सीखो-कमाओ योजना’ से संवर रहा भविष्य; ट्रेनिंग के साथ दो युवाओं को मिली पक्की नौकरी, 1040 पदों पर भर्ती जारी
भोपाल:
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए MMSKY पोर्टल पर लॉग-इन करें
मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना’ (MMSKY) युवाओं के लिए न केवल कौशल विकास का जरिया बन रही है, बल्कि उनके रोजगार के सपनों को भी सीधे उड़ान दे रही है। इसी कड़ी में ऊर्जा विभाग के अंतर्गत मध्य क्षेत्र वितरण कंपनी लिमिटेड में ट्रेनिंग ले चुके दो होनहार युवाओं को उनकी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नियमित रोजगार प्राप्त हुआ है।
सफलता की कहानी: आयुषी और विवेक ने हासिल किया मुकाम
मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के सफल क्रियान्वयन के तहत प्रशिक्षण पाकर सफलता का मुकाम हासिल करने वाले दो युवाओं ने अपनी कहानी साझा की है:
• आयुषी दुबे: ग्वालियर की रहने वाली आयुषी ने कंपनी में ग्रेजुएट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) प्रशिक्षु के रूप में कार्य करना शुरू किया था। ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव और संगठन की कार्य संस्कृति को गहराई से समझा। कंपनी में सहयोगी माहौल और सीनियर अधिकारियों के मार्गदर्शन की बदौलत उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा पास की और आज मध्य क्षेत्र वितरण कंपनी में जूनियर इंजीनियर के पद पर नियमित सेवाएं दे रही हैं।
• विवेक अहिरवार: भोपाल जिले के रहने वाले विवेक ने योजना के तहत कंपनी के आईटी (IT) सेल में ऑन-जॉब ट्रेनिंग (OJT) ली। ट्रेनिंग के दौरान काम के प्रति उनकी लगन और सीखने की इच्छा को देखते हुए मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने उन्हें ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी (GET) का प्रस्ताव दिया। विवेक बताते हैं कि इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है और अब वे अपने परिवार को आर्थिक रूप से सहयोग कर पा रहे हैं।
क्या है योजना और कैसे करें आवेदन?
गौरतलब है कि “मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना” के तहत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आईटीआई, डिप्लोमा, और स्नातक पास बेरोजगार युवाओं को ऑन द जॉब ट्रेनिंग के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कंपनी द्वारा वर्तमान में अलग-अलग 10 ट्रेडों में युवाओं को प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से MMSKY पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
कंपनी में कुल 1562 स्वीकृत पदों में से 522 प्रशिक्षुओं की भर्ती की जा चुकी है, जबकि 1040 रिक्त पदों जिनमें इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के 304 पद, लाइनमैन के 193 पद, इलेक्ट्रिशियन के 179 पद, स्टेनो इंग्लिश के 135 पद, स्टेनो हिंदी के 89 पद, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (COPA) के 71 पद, सिविल इंजीनियर के 30 पद, इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन ऑन टेक्नोलॉजी सिस्टम मेंटेनेंस के 17 पद, अकाउंट एग्जीक्यूटिव के 12 पद एग्जीक्यूटिव एचआर के कुल 10 रिक्त पदों पर युवाओं से आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण से संबंधित अर्हताओं, रिक्त स्थानों के विवरण तथा अन्य आवश्यक जानकारी https://mmsky.mp.gov.in/ पोर्टल पर देख सकते हैं और अपनी योग्यता अनुसार ऑनलाइन आवेदन दर्ज कर सकते हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने कहा है कि “मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना” के तहत व्यापक स्तर पर औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को कंपनी में छात्र प्रशिक्षणार्थी के रूप में ऑन द जॉब ट्रेनिंग की सुविधा मिल रही है। इससे एक ओर जहां युवाओं को औद्योगिक एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्हें काम के बदले मिलने वाले स्टाइपेंड से बेहतर आय का स्रोत भी मिल रहा है, जो उनके भविष्य के करियर विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

