सागर के डायल-112 हीरोज
भोपाल :
तार फेंसिंग में फंसे युवक का रेस्क्यू कर पहुँचाया अस्पताल
सागर जिले के थाना बण्डा क्षेत्र में डायल-112 जवानों की सूझबूझ, तत्परता एवं साहसिक कार्यवाही से मोटर साइकिल दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होकर तार फेंसिंग में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल पहुँचाया गया। समय पर किए गए रेस्क्यू और चिकित्सा सहायता से घायल को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सका।
01 जून को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना बण्डा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोकलमऊ तिराहा के पास एक मोटर साइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे लगी तार फेंसिंग में फंसा हुआ है। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही थाना बण्डा क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 स्टाफ आरक्षक दशरथ एवं पायलट आशीष पटेल ने मौके पर पहुंचकर पाया कि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे तार फेंसिंग में फंसा हुआ मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 जवानों ने त्वरित एवं सूझबूझपूर्ण कार्यवाही करते हुए एफआरव्ही वाहन में उपलब्ध कटर की सहायता से फेंसिंग के तारों को काटा तथा घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के उपरांत डायल-112 टीम ने घायल व्यक्ति को तत्काल एफआरव्ही वाहन से बण्डा अस्पताल पहुँचाकर भर्ती कराया। साथ ही घायल व्यक्ति के परिजनों को भी घटना की जानकारी देकर अस्पताल बुलाया गया।
डायल-112 हीरोज श्रृंखला की यह कार्यवाही दर्शाती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की जटिल परिस्थितियों में भी तत्परता, तकनीकी संसाधनों एवं मानवीय संवेदनाओं के साथ लोगों की सुरक्षा और जीवन रक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

