सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा में पेंशनर शिविर आयोजित

भोपाल:

मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाडे के मार्गदर्शन में सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना (सडिपुका), निशातपुरा, भोपाल में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के लिए “पेंशनर शिविर” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कारखाना के प्रशासनिक भवन सभागार में पेंशनरों एवं रेल प्रशासन के मध्य संवादात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रेलवे पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं, मांगों एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेंस फेडरेशन एवं पेंशनर एसोसिएशन, सडिपुका भोपाल शाखा के प्रतिनिधियों ने पेंशन से संबंधित लंबित प्रकरणों, पेंशन संशोधन मामलों, पारिवारिक पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी विषयों को प्रमुखता से उठाया।

रेल प्रशासन ने पेंशनरों द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा अनेक समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। साथ ही अन्य लंबित मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया गया। रेल प्रशासन ने दोहराया कि पेंशन संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान तथा पेंशनरों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर सुधार उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान दोनों पक्षों ने पेंशनरों के हितों की सुरक्षा एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियमित अंतराल पर ऐसी बैठकों के आयोजन तथा आपसी संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। इससे पेंशनरों के हितों के संरक्षण एवं संवर्धन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

बैठक में रेल प्रशासन की ओर से एम.एल. मीना, सहायक कार्मिक अधिकारी, शंभू शरण प्रसाद सिंह, सहायक वित्त सलाहकार (कारखाना), कर्मचारी कल्याण निरीक्षक, कार्यालय अधीक्षक (सेटलमेंट) तथा लेखा विभाग के वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी (सेटलमेंट) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।