विधानसभा सचिवालय में एक दशक बाद 182 अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति, माननीय अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर का किया गया सम्मान

भोपाल:

मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय में लगभग एक दशक के लंबे अंतराल के बाद विभिन्न संवर्गों के, प्रथम श्रेणी 15, द्वितीय श्रेणी 40,तृतीय श्रेणी 93 एवं चतुर्थ श्रेणी के 34 कुल 182 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ प्राप्त हुआ। इस अवसर पर पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने माननीय विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर जी के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए उनका पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि माननीय अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर जी के अथक प्रयासों, सकारात्मक पहल एवं मार्गदर्शन से वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण हो सकी, जिससे कर्मचारियों में नया उत्साह एवं कार्य के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने माननीय अध्यक्ष जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे विधानसभा सचिवालय की गरिमा एवं कार्यकुशलता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूर्ण समर्पण एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
माननीय अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर जी ने सभी पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएँ देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी, दक्षता एवं जनसेवा की भावना के साथ करेंगे तथा विधानसभा सचिवालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं उत्कृष्ट बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे।