जनसुनवाई में गूंजीं जनता की समस्याएं, पुलिस अधिकारियों ने सुनी फरियाद; त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
कटनी: आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे तथा डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा ने एक-एक आवेदक की शिकायत गंभीरता से सुनी। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों और संबंधित शाखाओं को मामलों का निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पारिवारिक विवाद, आपसी कहासुनी, पैसों के लेन-देन के विवाद, पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने की शिकायतें, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध तथा अन्य पुलिस संबंधी मामलों के आवेदन बड़ी संख्या में प्राप्त हुए। जिन शिकायतों का संबंध अन्य विभागों से था, उन आवेदकों को संबंधित विभाग से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई कराने की सलाह भी दी गई।
इस दौरान साइबर अपराध से जुड़े मामलों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने फरियादियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए शासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। साथ ही प्राप्त साइबर शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए साइबर सेल को तत्काल निर्देश भी जारी किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि प्रत्येक मामले का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

