गुरु पूर्णिमा पर प्रेरणा सेवा ट्रस्ट ने स्पर्श विद्यालय के दिव्यांग बच्चों को वितरित की अध्ययन सामग्री

भोपाल:

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रेरणा सेवा ट्रस्ट द्वारा मध्य प्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत संचालित स्पर्श (दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय), भोपाल में अध्ययनरत दृष्टिबाधित, श्रवण बाधित एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के बीच सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कॉपी, पेन, ड्रॉइंग पेंसिल, रबर, शार्पनर सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री, फल एवं बिस्किट वितरित किए गए। ट्रस्ट के सदस्यों ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक एवं दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

विद्यालय के अधीक्षक इरफान अहमद, वार्डन मिश्रा एवं शिक्षिका कल्पना मिश्रा ने ट्रस्ट का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों तथा बच्चों की आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने ऐसे सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर प्रेरणा सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी शिवमोहन माथुर, अंचला माथुर, विनोद कुमार जैन, ओमप्रकाश जरीवाला एवं श्यामसरन अग्रवाल उपस्थित रहे। सेवा कार्य में दानदाता सन्नी सहाय, शिप्रा सहाय एवं विजय टेलर का विशेष सहयोग रहा।

प्रेरणा सेवा ट्रस्ट ने भविष्य में भी दिव्यांग एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए ऐसे सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।