नीम करोली महाराज को समर्पित लाइव पेंटिंग बनी आकर्षण का केंद्र
भोपाल: रविन्द्र भवन शनिवार को कला, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के रंगों से सराबोर हो उठा। यश विजन एंटरटेनमेंट द्वारा आयोजित ‘रंगमंच 2026’ थिएटर एंड डांस फेस्टिवल कार्यक्रम ‘रिश्ते, मूल्य और सामाजिक सरोकार’ थीम पर आधारित था। महोत्सव का सबसे आकर्षक केंद्र ‘आर्ट ऑफ सेवा’ रहा, जिसके अंतर्गत नीम करोली महाराज जी को समर्पित 30×30 फीट की विशाल लाइव पेंटिंग का निर्माण किया गया। चित्रकार इंद्रनील मजूमदार ने इस चित्र को तैयार किया। प्रेम, सेवा, करुणा और मानवता के संदेश को अभिव्यक्त करती इस कलाकृति का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और डॉ. धनंजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, सुरेश पचौरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, रविन्द्र यति, महापौर मालती राय तथा कैलाश मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि कला समाज को जोड़ने और सकारात्मक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के संयोजक सुमंत सोनी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य कला के माध्यम से पारिवारिक रिश्तों की मजबूती, सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी मंच भी है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिया सामाजिक संदेश
महोत्सव के अंतर्गत यश ग्रुप के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को जीवंत बना दिया। नंदिनी राजपूत और दिनेश राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और अभिनय की विविध प्रस्तुतियों ने दर्शकों की भरपूर सराहना अर्जित की। विशेष आकर्षण रही 35 मिनट की नाट्य प्रस्तुति, जिसमें बदलते सामाजिक परिवेश के बीच परिवार की बदलती संरचना और 70 वर्ष की पीढ़ी से लेकर जेन-ज़ी (Gen Z) तक के रिश्तों की आत्मीयता, संवाद और भावनात्मक जुड़ाव को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। निर्देशक नीलेश और मिस्काद उस्मानी के निर्देशन में कलाकारों ने पीढ़ियों के बीच संवाद, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को संवेदनशील अभिनय के माध्यम से जीवंत कर दिया। नाटक ने यह संदेश दिया कि समय चाहे कितना भी बदल जाए, परिवार और रिश्तों की नींव प्रेम, विश्वास और सम्मान पर ही टिकती है। कार्यक्रम में राजाराम साहू, अजय साहू, चंद्रगुप्त और अभिषेक सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे।

