आशा कार्यकर्ता दुर्गा रैकवार: परिवार कल्याण के प्रति समर्पण की मिसाल
भोपाल:
भोपाल जिले की ग्राम ललरिया की आशा कार्यकर्ता दुर्गा रैकवार ने परिवार कल्याण कार्यक्रम को जन-जन तक पहुँचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में दंपतियों से नियमित संपर्क स्थापित कर परिवार नियोजन के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों के बीच उचित अंतराल रखने के लाभों के बारे में निरंतर जागरूकता फैलायी।
वर्ष 2025–26 में उनके अथक प्रयासों से 32 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन अपनाया। इसके बाद भी उन्होंने अपनी जागरूकता गतिविधियाँ जारी रखीं और वर्ष 2026–27 में अब तक 17 महिलाओं को अंतरा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
दुर्गा रैकवार ने घर-घर संपर्क, व्यक्तिगत परामर्श तथा परिवार के सदस्यों की शंकाओं का समाधान कर महिलाओं का विश्वास जीता। उनके प्रयासों से अनेक परिवारों ने सुरक्षित एवं प्रभावी अस्थायी परिवार नियोजन साधन के रूप में अंतरा को अपनाया, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार तथा स्वस्थ परिवार की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला।
उनकी निष्ठा,मेहनत और जनसेवा की भावना अन्य आशा कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। परिवार कल्याण कार्यक्रम में उनका योगदान यह सिद्ध करता है कि समर्पित प्रयासों से समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

