मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में जनसमस्याओं का मौके पर हुआ त्वरित निराकरण

भोपाल :

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कोलार तहसील प्रांगण में जनसमस्या निवारण शिविर एवं हितग्राही सम्मेलन आयोजित किया गया। हुजूर विधायक  रामेश्वर शर्मा और कलेक्टर  प्रियंक मिश्रा ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में अनेक प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए।

विधायक  रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित कर उसकी समस्याओं का पारदर्शी और त्वरित निराकरण किया जा रहा है।

शर्मा ने कहा कि निर्मित कॉलोनियों में सड़क, पेयजल, बिजली और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना संबंधित बिल्डर का दायित्व है। इसमें लापरवाही बरतने वाले बिल्डरों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भूखंड खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की सभी प्रशासनिक स्वीकृतियों की पुष्टि करने का आग्रह किया।

विधायक  शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के सतगड़ी में नए औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण प्रगति पर है। इससे सभी वर्गों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए लोक सेवा केंद्र को एसडीएम कार्यालय परिसर में स्थानांतरित करने का भी आग्रह किया।

कलेक्टर  प्रियंक मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कॉलोनियों से संबंधित लंबित मामलों के समाधान के लिए कलेक्टर कार्यालय में समर्पित ‘कॉलोनी सेल’ गठित किया गया है। अब कोलार तहसील परिसर में प्रत्येक मंगलवार को कॉलोनी सेल का विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर  मिश्रा ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर प्रकरणों की वस्तुस्थिति जानी और अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान किए गए। मुद्रा योजना के अंतर्गत बैंक ऑफ इंडिया द्वारा एक पात्र हितग्राही को 10 लाख रुपये के ऋण का स्वीकृति-पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियां अर्जित करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कॉलोनी सेल की सुनवाई का नेतृत्व अपर कलेक्टर  सुमित पांडे ने किया। उन्होंने नागरिकों के प्रकरणों की सुनवाई करते हुए अनेक मामलों का मौके पर समाधान कराया।

शिविर में पार्षद श्रीमती सुनीता गुड्डू भदौरिया,  ज्योति मिश्रा,  बबीता डोंगरे,अपर कलेक्टर  प्रकाश नायक एवं महेंद्र कवचे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।