देशभक्ति गीतों से गूंजा मंच, प्रांतीय प्रतियोगिता में कटनी का प्रतिनिधित्व करेगा ब्रांड्सले इंग्लिश मीडियम स्कूल
कटनी:
भारत विकास परिषद कटनी शाखा द्वारा रविवार, 23 अगस्त को नीलम जगबानी के संयोजन में राष्ट्रीय प्रकल्प समूह गान प्रतियोगिता के फाइनल राउंड एवं परिषद परिवार की वृहद बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने संस्कृत, हिंदी एवं लोकगीतों के माध्यम से देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की शानदार छटा बिखेरी।
प्रतियोगिता में ब्रांड्सले इंग्लिश मीडियम स्कूल, कटनी ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मार ली। विद्यालय की प्रस्तुति ने निर्णायकों एवं उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ ही ब्रांड्सले स्कूल ने आगामी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतना संभाग संघचालक आदरणीय विपिन तिवारी तथा वरिष्ठ अतिथि रमेश अग्रवाल रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशप्रेम, भारतीय संस्कृति और सामूहिकता की भावना को मजबूत करते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी गायन प्रतिभा के साथ देशभक्ति और भारतीय संस्कृति का ऐसा सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया कि पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो उठा। आयोजन को सफल बनाने में भारत विकास परिषद कटनी शाखा के सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
अब ब्रांड्सले इंग्लिश मीडियम स्कूल की टीम प्रांतीय प्रतियोगिता में कटनी का प्रतिनिधित्व करेगी, जिसको लेकर विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।

