भोपाल मंडल में चैन पुलिंग की घटनाओं पर रेलवे की प्रभावी कार्रवाई जनवरी से जुलाई 2026 तक 3,281 मामलों में कार्रवाई, 2,731 व्यक्तियों को किया गिरफ्तार

भोपाल:

मंडल में डीआरएम  पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ अभिषेक के निर्देशन में यात्री गाड़ियों में अनावश्यक रूप से चैन पुलिंग की घटनाओं को रोकने तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

भोपाल मंडल की ट्रेनों में चैन पुलिंग की घटनाओं के संबंध में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में जनवरी से जुलाई तक चैन पुलिंग की कुल 2,790 घटनाएं दर्ज हुई थीं, जबकि वर्ष 2026 में जनवरी से जुलाई तक 2,792 घटनाएं दर्ज हुई हैं।

चैन पुलिंग की घटनाओं के स्टेशन/सेक्शनवार आंकड़ों के अनुसार, भोपाल स्टेशन पर वर्ष 2025 में जनवरी से जुलाई तक 393 मामले दर्ज हुए थे, जो वर्ष 2026 की इसी अवधि में बढ़कर 496 मामले हो गए। इटारसी स्टेशन पर वर्ष 2025 में 227 तथा वर्ष 2026 में 231 मामले दर्ज हुए। इसी प्रकार रानी कमलापति स्टेशन पर वर्ष 2025 में 128 की तुलना में वर्ष 2026 में 176 मामले दर्ज किए गए।

विदिशा स्टेशन पर वर्ष 2025 में 77 तथा वर्ष 2026 में 70 चैन पुलिंग के मामले दर्ज हुए, जबकि गंजबासौदा स्टेशन पर वर्ष 2025 में 67 और वर्ष 2026 में 68 मामले सामने आए। मिसरोद स्टेशन पर वर्ष 2025 में 01 मामला दर्ज हुआ था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 03 हो गया। वहीं रानी कमलापति–मिसरोद–रानी कमलापति सेक्शन में वर्ष 2025 में 51 तथा वर्ष 2026 में 67 चैन पुलिंग के मामले दर्ज हुए।

भोपाल मंडल में वर्ष 2026 में जनवरी से जुलाई तक चैन पुलिंग के कुल 3,281 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2,731 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इन मामलों में न्यायालय द्वारा लगाए गए जुर्माने के रूप में कुल ₹11,46,446/- की राशि वसूल की गई है।

रेलवे द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि आपातकालीन स्थिति को छोड़कर ट्रेन की चैन पुलिंग न करें। बिना उचित कारण चैन पुलिंग करने से ट्रेन अनावश्यक रूप से रुकती है, जिससे यात्रियों को असुविधा होने के साथ-साथ रेल परिचालन प्रभावित होता है और अन्य यात्रियों की यात्रा में भी विलंब होता है। अनधिकृत रूप से चैन पुलिंग करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है।

चैन पुलिंग की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए भोपाल मंडल के अतिप्रभावित रेल खंडों एवं स्टेशनों पर RPF कर्मियों की बल तैनाती बढ़ाई जा रही है। यात्रियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए पीए सिस्टम, लाउड हेलर तथा सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार समझाइश दी जा रही है।

इसके साथ ही, प्रभावित ट्रेनों एवं स्टेशनों पर सादे वर्दी में रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों की तैनाती कर निगरानी रखी जा रही है। समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाकर चैन पुलिंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

भोपाल मंडल यात्रियों से अपील करता है कि रेल यात्रा के दौरान किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में ही आपातकालीन चैन का उपयोग करें तथा अनावश्यक चैन पुलिंग से बचें। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समयबद्ध रेल परिचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।