भोपाल मंडल में वाणिज्य विभाग द्वारा अनाधिकृत वेंडरों के विरुद्ध विशेष अभियान

भोपाल :

पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान सुविधा उपलब्ध कराने तथा ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले वेंडरों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अगस्त माह में सीनियर डीसीएम  सौरभ कटारिया के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत भोपाल मंडल की विभिन्न 25 से अधिक यात्री ट्रेनों में जांच अभियान चलाकर 47 अनाधिकृत वेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा ₹90,000 का जुर्माना वसूल किया गया।

अभियान के दौरान दरभंगा-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस, रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस, हैदराबाद-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, हापा-नाहरगुन स्पेशल, हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम एक्सप्रेस तथा बनारस-उधना एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों में जांच की गई। जांच के दौरान अनाधिकृत रूप से खान-पान सामग्री बेचने वाले वेंडरों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

सीनियर डीसीएम  सौरभ कटारिया ने बताया कि भोपाल मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में अधिकृत खान-पान व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। अनाधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है। रेल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराने के साथ-साथ ट्रेनों में अनाधिकृत वेंडिंग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।

रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे ट्रेनों अथवा स्टेशनों पर केवल अधिकृत वेंडरों एवं अधिकृत खान-पान स्टॉलों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। यात्रियों को किसी भी अनाधिकृत वेंडर के दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल रेलवे के संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की जाती है।