पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर सजा स्नेह और सम्मान का रक्षासूत्र
उमरिया :
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से युवा टीम उमरिया द्वारा उमरिया कोतवाली थाना परिसर में ‘खाकी के संग राखी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर युवा टीम की बहनों ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाइयों पर राखी बांधी और भाई-बहन के स्नेह एवं सुरक्षा के पवित्र रिश्ते को मजबूत किया।
राखी बंधवाने के बाद पुलिसकर्मियों ने भी बहनों की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान थाना परिसर का माहौल कुछ ही पलों में ड्यूटी और अनुशासन के साथ स्नेह, अपनत्व एवं भावनाओं से भर उठा।
कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा में लगातार जुटे रहते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस और आमजन के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने के साथ ही पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ाते हैं।
युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता देते हैं और कई बार अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। जब अधिकांश परिवार अपने घरों में रक्षाबंधन की खुशियां मना रहे होते हैं, तब पुलिसकर्मी हमारी सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्य स्थल पर मौजूद रहते हैं। ऐसे कर्मठ पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें यह एहसास दिलाना ही ‘खाकी के संग राखी’ पहल का उद्देश्य है कि समाज उनके साथ खड़ा है और उनके समर्पण का सम्मान करता है।
युवा टीम की लक्ष्मी महोबिया एवं साक्षी रैदास ने कहा कि पुलिसकर्मी आमजन की सुरक्षा के लिए अपनी व्यक्तिगत खुशियों और त्योहारों तक को पीछे छोड़ देते हैं। उनके प्रति सम्मान, कृतज्ञता और अपनत्व व्यक्त करने के लिए युवा टीम उमरिया ने पुलिस परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने की पहल की।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी मदनलाल मरावी, उपनिरीक्षक मुकेश मस्कोले, एएसआई इंद्रभान पटेल, राजमणि मांझी, प्रधान आरक्षक अशोक, आशीष, योगेश सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा युवा टीम उमरिया के हिमांशु तिवारी, नेहा सिंह, साक्षी रैदास, लक्ष्मी महोबिया, महक सोनी, दामिनी प्रधान, मुस्कान महोबिया, राहुल सिंह, रुद्र प्रधान सहित टीम के सदस्य मौजूद रहे।
‘खाकी के संग राखी’ कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि पुलिस और समाज का रिश्ता केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सम्मान, सहयोग और भाईचारे की भावना से भी जुड़ा है। रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर बंधा रक्षासूत्र उनके समर्पण के प्रति समाज की ओर से सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बना।

