भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का हुआ शुभारंभ

भोपाल:

प्रगति नगर में मंगलवार से नरेश महाराज के सानिध्य में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा संयोजक मोनू महराज ने बताया कि कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक भजनों और जयकारों के बीच यात्रा में सहभागिता की।
कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और मार्ग में पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।
कथावाचक नरेश महाराज ने भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, भक्ति और सद्मार्ग की ओर ले जाने का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण के साथ उसके संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
आयोजकों ने बताया कि कथा सात दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और जीवन मूल्यों से जुड़े प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया जाएगा। आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कथा के शुभारंभ अवसर पर प्रगति नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।