आधुनिक मशीनों से चमकेंगे भोपाल मंडल के 7 प्रमुख स्टेशन, स्वच्छता व्यवस्था को मिली नई गति
भोपाल :
यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्टेशन परिसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा नर्मदापुरम, गुना, हरदा, गंजबासौदा, विदिशा, अशोकनगर एवं संत हिरदाराम नगर सहित मंडल के प्रमुख 7 स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है जिसके लिए इन स्टेशनों पर आउटकम आधारित मेकेंनाईजड निविदा आवंटित किया गया है। पूर्व में यह व्यवस्था मेनुअल थी। इन स्टेशनों पर नियमित सफाई के साथ-साथ आधुनिक मशीनों एवं उपकरणों का उपयोग कर स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्टेशन परिसर के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, कार्यालयों तथा स्टेशन परिसर की नियमित रूप से सफाई की जा रही है। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक बैटरी चालित सफाई मशीनों, वैक्यूम क्लीनर, जेट प्रेशर मशीन एवं सिंगल डिस्क स्क्रबर-पॉलिशर जैसी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। इन मशीनों की सहायता से फर्श पर जमी धूल, गंदगी एवं दाग को प्रभावी ढंग से हटाने के साथ-साथ प्लेटफॉर्म एवं अन्य क्षेत्रों की गहन सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
रेल प्रशासन द्वारा स्टेशन परिसरों में स्वच्छता के साथ-साथ कचरा प्रबंधन, वेस्ट डिस्पोजल एवं नियमित निरीक्षण की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को हर समय साफ-सुथरा एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके। कचरा डिस्पोजल के लिए चार प्रकार के कूड़ेदान स्टेशन पर उपलब्ध कराये जा रहे जिसमें गीला, सूखा, सेनेटरी एवं इलेक्ट्रानिक कचरा शामिल है।
स्वच्छता के लिए मशीनों के उपयोग से सफाई कार्य की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ बड़े क्षेत्रों की सफाई कम समय में अधिक प्रभावी ढंग से की जा रही है। इसका उद्देश्य स्टेशन परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के साथ यात्रियों के यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाना है।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों के विरूद्ध जनविश्वास अधिनियम के तहत कारवाई की जा रही है।

