रजत गणेश मंदिर में सहस्रार्चन और भव्य आरती
जबलपुर :
जबलपुर तलापुरा रोड, ग्वारीघाट स्थित श्री रजत गणेश मंदिर में मंगलवार को भगवान श्री गणेश का सहस्रार्चन एवं भव्य आरती श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश उमेश चंद्र माहेश्वरी द्वारा प्रेषित विशेष संदेश मंदिर के महंत स्वामी प्रमोद महाराज ने श्रद्धालुओं के समक्ष पढ़कर सुनाया।
संदेश में भगवान श्री गणेश को बुद्धि, विवेक एवं विघ्नहर्ता का प्रतीक बताते हुए कहा गया कि गणेश पूजन से कार्य के शुभारंभ के साथ मन में सकारात्मकता और सही विवेक जागृत करने की प्रेरणा मिलती है। श्रद्धालुओं को धैर्यपूर्वक सुनने, सूक्ष्म दृष्टि से विचार करने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में रामलला मंदिर के महंत पंडित इंद्रभानु महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रवि राय ने किया। आरती के पश्चात प्रसाद वितरण एवं भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

