विज्ञान मेले में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने दी विद्युत सेवाओं की जानकारी

भोपाल:

भोपाल के बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय में 22 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित 13वें विज्ञान मेले में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहर वृत्त भोपाल द्वारा स्टॉल लगाकर विद्युत सेवाओं, उपभोक्ता सुविधाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

मेले में विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को कंपनी द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न ऑनलाइन एवं डिजिटल विद्युत सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से मात्र ₹5 में नवीन विद्युत कनेक्शन की सुविधा के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही UPAY App के माध्यम से बिजली बिल का भुगतान, शिकायत दर्ज करना, बिल हिस्ट्री सहित अन्य उपभोक्ता सेवाओं का उपयोग करने की जानकारी दी गई। सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से नवीन संयोजन, भार वृद्धि तथा नाम परिवर्तन जैसी सुविधाओं की प्रक्रिया भी समझाई गई।

मेले में स्मार्ट मीटर एवं पारंपरिक मीटर के मॉडल प्रदर्शित कर उनकी कार्यप्रणाली को समझाया गया साथ ही विद्यार्थियों एवं आगंतुकों को स्मार्ट मीटर की उपयोगिता, बिजली खपत की निगरानी तथा आधुनिक विद्युत प्रणाली से जुड़ी विशेषताओं से अवगत कराया गया।

उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए WhatsApp Chatbot के माध्यम से शिकायत दर्ज करने तथा 1912 हेल्पलाइन पर बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कर उसके समाधान की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्युत सुरक्षा एवं विद्युत चोरी की रोकथाम के उद्देश्य से नागरिकों को बिजली चोरी की सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। बिजली चोरी की सूचना देने पर नियमानुसार 10 प्रतिशत पारितोषिक राशि प्राप्त होने की जानकारी भी मेले में दी गई।

कंपनी का उद्देश्य मेले के माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों को विद्युत सेवाओं के डिजिटलीकरण, उपभोक्ता सुविधाओं, ऊर्जा संरक्षण, विद्युत सुरक्षा तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार विद्युत उपयोग के प्रति जागरूक करना है।