स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत भोपाल रेलवे स्टेशन पर निकली स्वच्छता जागरूकता रैली
भोपाल:
स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छ रेलवे परिसर बनाए रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया गया।
रैली में स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “स्वच्छ रेल, स्वच्छ परिसर” सहित विभिन्न स्वच्छता संबंधी नारों एवं संदेशों के माध्यम से यात्रियों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने स्टेशन परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए यात्रियों से कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने, स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाने तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान बच्चों द्वारा प्रदर्शित स्वच्छता संदेशों के माध्यम से स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है का संदेश दिया गया। रैली का उद्देश्य यात्रियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने यात्रियों से अपील की गई कि रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें, कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें। सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ रेलवे परिसर का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर मंडल के अधिकारी, भोपाल स्टेशन निदेशक सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा रैली में सक्रिय सहभागिता कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

