सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
भोपाल :
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजस्व विभाग द्वारा 3 एवं 4 अक्टूबर को विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्र स्तर पर ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकासखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों तथा नगरीय निकायों में वार्ड एवं जोन स्तर पर वृहद सेवा सेतु शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध लोक सेवाएं ग्राम एवं वार्ड स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में एडीएम सुमित पांडे, प्रकाश नायक, महेंद्र सिंह कवचे, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फार्मर आईडी बनाने के लिए चलाएं विशेष अभियान
कलेक्टर मिश्रा ने सभी एसडीएम को ग्राम पंचायत स्तर पर फार्मर आईडी और एग्रीस्टेक पोर्टल से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैरसिया, हुजूर एवं कोलार अनुविभाग में विशेष अभियान चलाकर किसानों की फार्मर आईडी बनाने और एग्रीस्टेक के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सेवा सेतु शिविरों में बैंकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे पात्र किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड सहित मत्स्य पालन, दुग्ध उत्पादन एवं अन्य संबद्ध गतिविधियों के लिए आवश्यक क्रेडिट कार्ड मौके पर ही बनाए जा सकें।
पात्र किसानों को पैक्स से जोड़ें, केसीसी सेचुरेशन सुनिश्चित करें
कलेक्टर मिश्रा ने सहकारिता विभाग को पैक्स में नए सदस्य जोड़ने, सभी पात्र किसानों को सदस्यता दिलाने तथा केसीसी सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा का लाभ दिलाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
ग्राम पंचायतों में ई-विकास प्रणाली का लाइव प्रदर्शन कर किसानों को टोकन जनरेट करने तथा पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। अभियान के अंतर्गत शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाने, लंबित प्रकरणों का निराकरण करने, पैक्स सदस्यता बढ़ाने तथा किसानों को रबी वर्ष 2026-27 के लिए आवश्यक उर्वरक अग्रिम रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण, पैक्स सदस्यता कार्यक्रम और ग्राम पंचायतों में फार्मर आईडी बनाने सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, सहकारिता तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की प्रमुख भूमिका रहेगी।
अनअटेंडेड शिकायतों पर जारी होंगे कारण बताओ नोटिस
कलेक्टर मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की अनअटेंडेड शिकायतों और लोक सेवा गारंटी के समय-सीमा बाह्य प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

