मुख्यमंत्री डॉ. यादव का एमबीबीएस इंटर्न्स ने माना आभार

भोपाल : 

स्टायपेंड बढ़ाने पर मंत्रालय में किया अभिवादन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेश के एमबीबीएस इंटर्न्स ने स्टायपेंड वृद्धि के लिए आभार माना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से प्रदेश के इंटर्न्स प्रतिनिधियों ने मंत्रालय में मुलाकात की तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया। वॉइस ऑफ इंटर्न्स संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्टायपेंड बढ़ाकर 21 हजार 500 रूपये करना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि एमबीबीएस इंटर्न्स के परिश्रम, जिम्मेदारियां और मरीजों की सेवा में योगदान के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा एमबीबीएस इंटर्नशिप, चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण चरण है। इसमें प्रतिदिन अस्पतालों में मरीजों की सेवा, आपातकालीन चिकित्सा, वार्ड ड्यूटी, ओपीडी, नाइट ड्यूटी सहित विभिन्न चिकित्सकीय सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन कर एमबीबीएस इंटर्न्स, रोगियों की सेवा करते हैं। उनका यह योगदान सरकार और समाज सभी के लिए महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष  रमेशचंद्र शर्मा के नेतृत्व में वॉइस ऑफ इंटर्न्स मध्यप्रदेश के प्रतिनिधि उपस्थित थे।