अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने का सशक्त माध्यम है मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान : राज्यमंत्री गौर
भोपाल:
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील एवं दूरदर्शी सोच से प्रारंभ यह अभियान नागरिकों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गौर शुक्रवार को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
गौर ने कहा कि 7 अगस्त से प्रारंभ हुए अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित शिविर जनकल्याण का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएँ सीधे प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निःस्वार्थ भाव से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान सरकार की इसी प्रतिबद्धता और सुशासन की भावना को साकार कर रहा है।
राज्यमंत्री गौर ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को संवेदनशीलता से सुनें और उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुगमता से पहुँचे और नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े।
शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल और अधोसंरचना से आगे बढ़ रहा गोविंदपुरा
गौर ने कहा कि गोविंदपुरा क्षेत्र में एम्स चिकित्सालय, ग्लोबल स्किल्स पार्क, सांदीपनी विद्यालय और भेल संस्थान क्षेत्र की प्रगति के महत्वपूर्ण संकेतक हैं। स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, कौशल विकास और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़ी ये संस्थाएँ क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी समय में अयोध्या बायपास पर आकार लेने वाला 10 लेन मार्ग प्रदेश की विशिष्ट पहचान बनेगा। साथ ही नगर निगम द्वारा सीवेज नेटवर्क का निर्माण कराया जा रहा है। इन अधोसंरचना कार्यों से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
जन-समस्याओं का निराकरण और क्षेत्र का समग्र विकास प्राथमिकता : कलेक्टर मिश्रा
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का मूल उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुगम बनाकर आमजन तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुँचाना है। योजनाओं के त्वरित एवं सुगम क्रियान्वयन तथा जन-समस्याओं के स्थल पर ही समाधान के लिए इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर मिश्रा ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे शिविरों में अपने आवेदनों का पंजीयन अवश्य कराएँ, ताकि उनका त्वरित और व्यवस्थित निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा रेखांकित जन-समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि हाल ही में जारी भोपाल के ड्राफ्ट मास्टर प्लान में गोविंदपुरा क्षेत्र के समग्र विकास से संबंधित अनेक प्रस्ताव समाहित किए गए हैं। इनमें स्किल्स पार्क, औद्योगिक क्षेत्र तथा शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव शामिल हैं।
पीएम स्वनिधि एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के हितलाभ वितरित
कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौर एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों गिरजा राय, संजीव कुमार मालवीय, अशोक परमार, प्रवेश कन्हारे, सीमा परमार और केवल बारके को हितलाभ वितरित किए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
गौर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन, एसडीएम निधि चौकसे, प्रकाश चंद्र पांडे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

