स्वच्छता पखवाड़ा एवं विशेष अभियान 6.0 के तहत रेलवे परिसरों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

भोपाल :

पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा एवं विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत दिनांक 09 एवं 10 अक्टूबर 2026 को विशेष स्वच्छता गतिविधि आयोजित की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से लगाए गए पोस्टर, बैनर, होर्डिंग एवं दीवारों पर किए गए लेखन को हटाकर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है।

अभियान के अंतर्गत भोपाल मंडल के सभी संबंधित विभागों द्वारा रेलवे स्टेशनों, सबवे, रेलवे की चारदीवारी, रेलवे कॉलोनियों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए अनावश्यक पोस्टर, बैनर एवं होर्डिंग हटाए जाएंगे। इसके साथ ही दीवारों पर किए गए अनधिकृत लेखन तथा गुटखा थूकने से बने दाग-धब्बों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि इस अभियान में सभी संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

रेल प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने तथा स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूकता बनाए रखने का आह्वान किया है।