महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर स्टेशन पर यात्रियों से किया संवाद ।

बिलासपुर: यात्रियों की समस्याओं को सुनने, उनकी अपेक्षाओं एवं सुझावों को समझने तथा रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार लाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों रेल मंडलो बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर मंडल के 216 रेलवे स्टेशनों पर आज दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं की जानकारी प्राप्त की।

बिलासपुर स्टेशन पर महाप्रबंधक ने यात्रियों से किया संवाद

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने यात्रियों से सीधे संवाद कर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय तथा अन्य यात्री सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने यात्रियों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के महत्व पर जोर दिया।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि यात्रियों, रेलकर्मियों एवं मीडिया से प्राप्त रचनात्मक सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘रेल जनसंवाद’ जैसी पहल रेलवे प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, प्रभावी एवं यात्री-केंद्रित बनाने में सहायक है।

चांपा स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू तथा उसलापुर स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने किया जनसंवाद

चांपा रेलवे स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू तथा उसलापुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं फीडबैक की जानकारी ली। इस दौरान यात्रियों की सुविधा, स्टेशन परिसर की स्वच्छता, उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता तथा रेल सेवाओं में सुधार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 216 स्टेशनों पर यात्रियों से लिया गया फीडबैक

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 216 रेलवे स्टेशनों पर भी नामित अधिकारियों की उपस्थिति में ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों एवं आम नागरिकों को अपनी बात सीधे रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला। प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों के आधार पर संबंधित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा यात्रियों की समस्याओं के निराकरण पर जोर दिया गया।

विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता को प्रोत्साहित करने, लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे तथा कार्यालयों की कार्यप्रणाली एवं प्रबंधन को अधिक सुव्यवस्थित बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेल प्रशासन यात्रियों से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक को रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।