मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:  कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि मरवाही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डाहीबहरा मतदान केंद्र क्रमांक 1 में मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है। इस मतदान केंद्र के युक्तियुक्तकरण के संबंध में विचार-विमर्श कर प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ को भेजने पर चर्चा की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि ’’मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण का कार्य 2 नवंबर 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन के लिए दावा-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता बढ़ाने की अपेक्षा की। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रांत अंचल, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि कुबेर सिंह सर्राटी, कांग्रेस पार्टी के पुष्पराज सिंह, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के रिजवान अंसारी तथा आम आदमी पार्टी के वसीम खान उपस्थित थे।