संभाग में किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सुगमता से मिलें खाद बीज एवं अन्य कृषि अनुदान – संभागायुक्त शर्मा

भोपाल :
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा है कि रबी 2026- 27 के लिए प्रदेश के किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद, बीज एवं अन्य कृषि अनुदान सुगमता से प्राप्त हों, इसके लिए कृषि, सहकारिता और अन्य सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। संभाग में खाद बीज आदि की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को फसलों के विविधीकरण, उर्वरक के संतुलित उपयोग, प्रमाणित बीजों के प्रयोग, नराली न जलाने और आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। इस वर्ष किसानों को फसलों की जल्दी बुवाई के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे वे वर्तमान में मिट्टी में उपलब्ध नमी का उपयोग कर सकें।

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कमिश्नर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व  भारती देवी मिश्रा सहित सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि संभाग के सभी जिलों में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति हो। बिजली की अनावश्यक कटौती ना की जाए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में जन समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए।

संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि अधिकारी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत न केवल शिविर में जन समस्याओं का समाधान करें अपितु उस केन्द्र की शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। साथ ही निरीक्षण प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय, संभागायुक्त कार्यालय को समय से भिजवाएं और परख पोर्टल पर भी अपलोड करें।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि जन विश्वास शिविर में प्राप्त शिकायतों के साथ ही सी.एम. हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी प्रकरणों का भी निराकरण करें। सी.एम. हेल्पलाइन का कोई भी प्रकरण 50 दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए।

संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि इस बार शासन द्वारा किसानों को खाद्य वितरण व्यवस्था को अत्यंत सुगम बनाया गया है। किसान घर बैठे ही खाद के लिए व्हाट्सएप से टोकन जनरेट कर सकते हैं। पंचायत स्तर पर फैसिलिटेशन सेंटर भी बनाए गए हैं। फसल बोने वाले प्रत्येक किसान को उसकी आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त खाद उपलब्ध कराया जाएगा। शर्मा ने अधिकारियों को खाद्य वितरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए कि किसान को खाद्य प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़े।

संभागायुक्त श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि संभाग के सभी जिलों में नरवाई जलाने को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके लिए किसानों को समझाइश दी जाए तथा हार्वेस्टर के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाए। हर हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगा होना चाहिए, इससे नरवाई मिट्टी में मिल जाती है। किसानों को फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाए जाने के लिए बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से बात करें।