सर्वोदय अहिंसा अभियान के तहत विद्यार्थियों ने लिया पटाखे नहीं जलाने का संकल्प
भोपाल :
सर्वोदय अहिंसा अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-दया के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सर्व विद्या विशारद पाठशाला, प्रीमियर ऑर्किड तथा पंचबालयति पारस धाम स्थित विद्या सुधा पाठशाला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सर्व विद्या विशारद पाठशाला में शिक्षिकाओं एवं संचालिकाओं दीक्षा, मीना, निशा एवं सुरभि जैन तथा विद्या सुधा पाठशाला में शिक्षिका एवं संचालिका ऋतु जैन ने विद्यार्थियों को पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण, स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा बेजुबान पशु-पक्षियों को होने वाली पीड़ा के बारे में बताया।
बच्चों को समझाया गया कि दीपावली केवल रोशनी का नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और अहिंसा का पर्व है। प्रकृति की रक्षा और जीवों के प्रति संवेदनशीलता ही त्योहार की सच्ची खुशी है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पटाखे नहीं जलाने तथा दीपावली को सुरक्षित, प्रदूषणमुक्त और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने का संकल्प लिया।
सर्वोदय अहिंसा अभियान का उद्देश्य बच्चों में करुणा, जीव-दया और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित कर समाज में अहिंसा एवं संरक्षण का संदेश प्रसारित करना है।

