MP के 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद से लगातार तेज बारिश का दौर जारी है कई जिलों में झमाझम बारिश से नदी-नाले उफान में आ गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर से टर्फ गुजरने की वजह से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। मंगलवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर संभाग के 24 जिलों में अति भारी या भारी बारिश की संभावना है। शिवपुरी-श्योपुर में रेड, जबकि बाकी हिस्से में ऑरेंज और यलो अलर्ट है। शिवपुरी-श्योपुर में अगले 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा पानी गिर सकता है। ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पांढुर्णा, बालाघाट में अति भारी यानी, 4 इंच तक बारिश हो सकती है। इंदौर, उज्जैन, भिंड, मुरैना, शाजापुर, देवास, रतलाम, विदिशा, रायसेन, सागर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला में भारी बारिश होने की संभावना है। भोपाल, जबलपुर समेत अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। प्रदेश में सोमवार को 20 से अधिक जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रहा। शिवपुरी में सबसे ज्यादा 2 इंच पानी गिर गया। नौगांव (छतरपुर) में सवा इंच, नरसिंहपुर-खरगोन में पौन इंच बारिश हुई। भोपाल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, सागर, सतना, टीकमगढ़, बालाघाट, बड़वानी, गुना, रायसेन, श्योपुर, अशोकनगर, टीकमगढ़, मऊगंज में भी कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हुई।
